बांदा। राजकीय महाविद्यालय में इस वर्ष 70 प्रतिशत मेरिट वालों के भी बीए में दाखिल हो सकेंगे। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय ने सोमवार को बीए का कट ऑफ जारी कर दिया। 31 जुलाई से बीए की 420 सीटों के लिए छात्राओं के दाखिले होंगे।
राजकीय महिला महाविद्यालय में बीए प्रथम वर्ष में 420 सीटें हैं। इसके लिए प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जबकि बीएससी बायो और मैथ में 240 सीटें हैं। इनके लिए मंगलवार को कट ऑफ जारी हो सकता है। प्राचार्य प्रो. दीपाली गुप्ता ने कहा है कि बीए प्रथम वर्ष में इस वर्ष 70 प्रतिशत ओपेन मेरिट जारी हुई है। कट ऑफ महाविद्यालय परिसर में चस्पा किया गया है। 31 जुलाई को दाखिला लेने वाली छात्राएं सभी अभिलेखों के साथ उपस्थित हों और प्रवेश लें। उनके पास ई-मेल आईडी व मोबाइल नंबर अनिवार्य है। उसी ई-मेल आईडी व मोबाइल नंबर से उन्हें फीस जमा करनी होगी। भविष्य के लिए ई-मेल आईडी का पासवर्ड सुरक्षित रखें। किसी भी प्रवेश लेने वाली छात्रा के साथ महाविद्यालय परिसर में उनके अभिभावक नहीं आएंगे। उन्होंने बताया कि प्रवेश का समय सुबह साढ़े दस बजे से दोपहर तीन बजे तक होगा।
यह अभिलेख साथ लाएं
प्राचार्य डॉ.दीपाली गुप्ता ने बताया कि प्रवेश लेने वाली छात्राएं अपने साथ ऑनलाइन प्रवेश फार्म, महाविद्यालय प्रवेश फार्म, हाईस्कूल प्रमाणपत्र की मूल व छायाप्रति, इंटरमीडिएट प्रमाण पत्र की मूल छाया प्रति, आधार कार्ड की छायाप्रति, स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) व चरित्र प्रमाण पत्र की मूल प्रति, जाति प्रमाण पत्र की मूल व छाया प्रति, ऑनलाइन एंटी रैगिंग फार्म की हाॅर्ड कॉपी (कैफे से ऑनलाइन फार्म भरवाकर उसकी हॉर्ड कॉपी लगाएं) लाना होगा।