बांदा। बारिश और बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आमजन से सतर्कता बरतने की अपील करते हुए बाढ़ और डूबने की घटनाओं से बचाव के लिए सावधानियां अपनाने को कहा है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी, नाले, तालाब और अन्य जलस्रोतों के साथ ही तेज बहाव वाले पानी के पास जाने से बचें। जलभराव वाले रास्तों से आवागमन न करें। बच्चों को विशेष रूप से नदी, तालाब और अन्य जलस्रोतों से दूर रखें। तेज बहाव वाले पानी को पार करने का प्रयास न करें।
क्षमता से अधिक लोगों को नाव में सवार न होने दें। किसी व्यक्ति के डूबने की स्थिति में खुद पानी में उतरकर बचाने का प्रयास न करें बल्कि तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दें, ताकि प्रशिक्षित बचाव दल की मदद ली जा सके।
जिलाधिकारी अमित आसेरी ने जनपदवासियों से सावधानी और जागरूकता बरतने के साथ प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
-
आपात स्थिति में यहां करें संपर्क
- बांदा आपदा नियंत्रण कक्ष: 05192-285260
- टोल फ्री : 1077
- व्हाट्सएप : 9452662412
- पुलिस : 112
- एंबुलेंस : 108