फोटो- 11 सब्जी मंडी में आलू चेक करते खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी। श्रोत-प्रशासन
बांदा। तेजाब से पुराने आलू को नया बनाकर बेचने की शिकायत पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने सब्जी मंडी में छापा मारा। टीम को कोई ऐसा मामला नहीं मिला।बाद में घी, पनीर, बेसन के तीन नमूने लिए गए। एक दर्जन से अधिक दुकानदारों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया गया। फुटपाथी दुकानदारों को निशुल्क पंजीयन कराने के लिए प्रेरित किया।
शहर में इस समय पुराने आलू को केमिकल से नया बनाकर बेचा जा रहा है। शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सब्जी मंडी तिंदवारी रोड, चौक बाजार, कचहरी आदि में छापेमारी कर आलू को चेक किया। विभाग का कहना है कि तेजाब या केमिकल के जरिए पुराने आलू को नया करने के कोई सुबूत नहीं मिले।
उधर, त्योहार को देखते हुए टीम ने मिलावट के शक में घी, पनीर, बेसन के तीन नमूने लिए। इन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला लखनऊ भेजा गया है। सहायक खाद्य उपायुक्त जेपी तिवारी ने बताया कि कई दुकानों में गंदगी मिलने पर उन्हें साफ-सफाई के लिए प्रेरित किया। फुटपाथी दुकानदारों को बताया गया कि सरकार ने छोटे दुकानदारों की पंजीयन फीस को माफ कर दिया है। उनका निशुल्क पंजीयन होगा।
वह किसी भी जन सेवा केंद्र में जाकर अपनी दुकान का पंजीयन करा सकते है। साथ ही दुकानदारों को चेतावनी दी है कि त्योहार के मौके पर मिलावटी सामान की बिक्री से बचे। अन्यथा पकड़े जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।