बांदा। संदिग्ध हालात में युवती की ससुराल में छत से गिरकर मौत हो गई। मायके वालों ने ससुरालियों पर दहेज के लिए हत्या कर शव छत से फेंकने का आरोप लगाया है। ससुराल पक्ष के लोग अस्पताल में शव छोड़कर लापता हो गए। एएसपी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।
घटना शहर के छोटी बाजार की है। बृहस्पतिवार की रात पति स्वप्निल समेत अन्य ससुराली उमा (25) को गंभीर हालत में लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां कुछ देर इलाज के बाद मौत हो गई। शुक्रवार को पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है।
उमा के भाई कालूकुआं निवासी हरीओम गुप्ता और उसकी मां ने बताया कि उमा की शादी 8 माह पूर्व हुई थी। ससुराल वाले चार पहिया वाहन और एक लाख रुपये की मांग को प्रताड़ित करते थे। आरोप लगाया कि बृहस्पतिवार की शाम को भी उसे मारपीटकर मार डाला और फिर चार मंजिला छत से नीचे फेंक दिया। उधर, एएसपी महेंद्र प्रताप चौहान ने बताया कि घटना संज्ञान में है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच और कार्रवाई की जाएगी।