नरैनी (बांदा)। नरैनी कोतवाली क्षेत्र के नंदवारा गांव में दो सगे मासूम भाइयों की हत्या के मामले में पूर्व मंत्री के हत्यारोपी पुत्र पूर्व जिला पंचायत सदस्य महेंद्र पाल वर्मा व उसके साथी शेरा उर्फ ओमकार की गिरफ्तारी हो चुकी है।
अब बच्चों के पिता भइयाराम का आरोप है कि दोनों आरोपियों के जेल जाने के बाद उनके गुर्गे परिवार को धमका रहे है। भाइयाराम का आरोप है कि चर्चा के चलते कथित तौर पर धमकी के रूप में कहा जा रहा है अभी चार लोग बचे हैं, जान से मार देंगे। किसी को बख्शा नहीं जाएगा। इस तरह की धमकियों की चर्चाओं से पीड़ित परिवार सहमा हुआ है। उधर, भइयाराम के घर के बाहर व गांव में अब भी पुलिस तैनात है। पुलिस भइयाराम की निगरानी कर रही है।
इस संबंध में नरैनी कोतवाल प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों मुख्य आरोपी जेल जा चुके हैं, धमकी जैसी कोई भी शिकायत भइयाराम ने उनसे नहीं की है। 24 घंटे भइयाराम के घर और गांव में पुलिस का पहरा है। ऐसे में अगर किसी ने यह अफवाह फैलाई तो उसके ऊपर भी कार्रवाई की जाएगी।
-
नहीं मिल सकी पुलिस कस्टडी रिमांड
बांदा। नरैनी कोतवाली क्षेत्र के गांव नंदवारा में हुए दोहरे हत्याकांड में आरोपी भवानीदीन, अखिलेश, सुरेंद्र और लंबरी की पुलिस कस्टडी रिमांड अर्जी पर सोमवार 26 अक्तूबर को सुनवाई होनी थी।
पुलिस ने न्यायालय के सामने कस्टडी रिमांड लेने का अपना पक्ष रखा जबकि हत्यारोपियों के अधिवक्ता ने उस पर जिरह की। कहा कि जब गिरफ्तारी हो चुकी है तो कस्टडी रिमांड क्यों। इस बीच न्यायालय का समय समाप्त होने पर इस पर कोई आदेश नहीं हो सका है।
इस कांड के विवेचक नरैनी कोतवाली इंस्पेक्टर प्रताप सिंह ने बताया कि कस्टडी रिमांड के संबंध में उन्हें कोई आदेश नहीं मिला है। सोमवार को पुलिस और हत्यारोपियों के अधिवक्ताओं की ओर से जिरह की गई, लेकिन न्यायालय का समय समाप्त होने पर इस पर कोई आदेश उन्हें नहीं मिला है। (संवाद)