accident,road,ARTO,banda,mandalayoukta
- फोटो : BANDA
बांदा। मंडलायुक्त दिनेश कुमार सिंह ने मंडल में ओवरलोडिंग को सख्ती से रोकने के निर्देश दिए हैं। चित्रकूट में राजस्व वसूली कम होने पर वहां के एआरटीओ से स्पष्टीकरण मांगने और बैठक से अनुपस्थित रहने वाले एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया है।
मंगलवार को परिवहन विभाग की समीक्षा बैठक में आयुक्त ने मंडल के उन सभी एआरटीओ व पीटीओ को चेतावनी दी जिन्होंने लक्ष्य से कम राजस्व जुटाया है। इसमें चित्रकूट की स्थिति सबसे खराब रही है। आयुक्त ने निर्देश दिए कि पंचायत चुनाव के मांगें गए वाहन एआरटीओ समय से उपलब्ध कराएं। मंडल के चारों जिलों में कुल 1395 वाहनों की जरूरत है। इनमें बांदा में 588, हमीरपुर में 317, चित्रकूट में 257 और महोबा में 233 वाहन शामिल हैं। आयुक्त ने आरटीओ को निर्देश दिए कि बांदा और महोबा में एआरटीओ (प्रशासन) को एआरटीओ (प्रवर्तन) का भी प्रभार दे दिया जाए। साथ ही दोनों जनपदों में एआरटीओ के रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए प्रमुख सचिव परिवहन को पत्र भेजने को कहा। परिवहन विभाग की आरसी वसूली व कार्रवाई के निर्देश दिए।
आयुक्त ने ट्रैक्टर-ट्रालियों में रेडियम की पट्टियां लगवाने को कहा, ताकि रात में इनसे दुर्घटनाएं रोकी जा सकें। हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए। हमीरपुर और बांदा की राजस्व वसूली बेहतर पाई गई। उधर, खाद्य विभाग की समीक्षा बैठक में आयुक्त ने निर्देश दिया कि मंडल के चारों जिलों में रिक्त राशन की दुकानों को पंचायत निर्वाचन के बाद आवंटित किया जाए। इसमें स्वयं सहायता समूह को प्राथमिकता मिले। मई से शुरू होने वाली होम स्टेप डिलीवरी की तैयारी अभी से करने को कहा। सहायक आयुक्त खाद्य को निर्देश दिया कि जिला पूर्ति अधिकारियों द्वारा राशन कार्ड के जो आवेदन निरस्त किए गए हैं, उनमें हरेक जिले के दो-दो गांव में खुद जाकर पात्र व्यक्ति के राशन कार्ड बनवाएं। बैठक में सहायक आयुक्त आरआर शुक्ला, उप निदेशक सूचना भूपेंद्र सिंह यादव तथा मंडल के जिला पूर्ति अधिकारी उपस्थित रहे।