पैलानी (बांदा)। मवेशी से टकराकर बाइक सवार दो लोग गंभीर घायल हो गए। एक की कानपुर में इलाज के दौरान मौत हाे गई, जबकि दूसरे का इलाज चल रहा है।
पैलानी थाना क्षेत्र के रेंहुटा गांव निवासी रोहित (22) दोस्त गयादीन निषाद (24) के साथ छह सितंबर को सुबह बाइक से खप्टिहाकलां गांव जा रहा था। निवाईच गांव के पास मवेशी से बाइक टकरा गई। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। रोहित हेलमेट नहीं लगाए था। चौकी प्रभारी राजेश मिश्रा ने रोहित व गयादीन को यूपी-112 की गाड़ी से जिला अस्पताल भेजा। यहां से रोहित को कानपुर रेफर किया गया। कानपुर में इलाज के दौरान उसकी शनिवार को सुबह मौत हो गई।
चाचा चंद्रकिशोर प्रजापति ने बताया कि रोहित तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। पिता राधेश्याम प्रजापति के पास तीन बीघा जमीन है। रोहित बंगलुरू में रहकर कमाता था। वहअ एक माह पहले गांव आया था। रोहित की शादी एक साल पहले टोला सिमौनी में बिट्टन से हुई थी। बच्चे नहीं है। पिता भी दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं। मां विद्या गांव में रहती है। खप्टिहाकलां चौकी इंचार्ज राजेश मिश्र ने बताया कि मवेशी से टकराकर हादसा हुआ है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।