खप्टिहा कलां। ससुराल से बाइक से लौट रहा युवक रविवार की देर रात वाहन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे का शिकार युवक वन विभाग में मजदूर था। एक वर्ष पूर्व ही शादी हुई थी। घटनास्थल पर हेलमेट नहीं मिला।
पैलानी थाना क्षेत्र के सिमरा डेरा गांव निवासी बिंदा का बेटा बड़कू निषाद (28) पड़ोसी गांव कुकुआखास स्थित अपनी ससुराल गया था। रविवार की देर रात वहां से गांव लौट रहा था। पैलानी थाना क्षेत्र के निवाइच गांव के पास पानी की टंकी के नजदीक किसी वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर मारने वाला वाहन लेकर चालक मौके से भाग निकला। खबर मिलने पर पहुुंची यूपी 100 पुलिस ने उसे गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई।
क्षतिग्रस्त बाइक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। बड़कू की शादी पिछले वर्ष 25 फरवरी को हुई थी और उसके कोई संतान नहीं थी। वह वन विभाग में मजदूरी करता था। दो भाइयों में दूसरे नंबर का था। घटना के समय पत्नी सुमन मायके में थी। शव का पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया है। इस बाबत थानाध्यक्ष जीतेंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। टक्कर मारने वाले वाहन और चालक की तलाश की जा रही है।
इंसेट---
घायल वृद्ध की अस्पताल में मौत
बांदा। सड़क दुघर्टना में घायल 50 वर्षीय अज्ञात वृद्ध की जिला अस्पताल में रविवार की देर रात मौत हो गई। कोतवाली पुलिस ने 31 मार्च को उसे घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। (संवाद)
इंसेट---
जहर खाकर जान देने की कोशिश
बांदा। अलग-अलग घटनाओं में किशोरी समेत दो लोगों ने जहर खाकर खुदकशी का प्रयास किया। देहात कोतवाली क्षेत्र के गुरेह गांव निवासी लक्ष्मी व जसपुरा थाना क्षेत्र के झंझरी पुरवा की सीता ने सोमवार को सुबह जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने सीएचसी से जिला अस्पताल पहुंचाया है। परिजन घटना की वजह नहीं बता पा रहे हैं। (संवाद)
----------------
फोटो परिचय-1- भांवरपुर गांव में सिलिंडर से लगी आग से जला मकान।
सिलिंडर की आग से तीन घरों की गृहस्थी जली
बेटी की शादी को जुटाया राशन और दहेज का सामान राख
दो पड़ोसियों के मकान भी आए चपेट में, आग बुझाई गई
संवाद न्यूज एजेंसी
करतल। गैस सिलिंडर से लगी आग में तीन मकान व गृहस्थी का सामान जल कर राख हो गया। गृह स्वामी द्वारा बेटी की शादी के लिए जुटाया गया सामान और राशन भी आग की भेंट चढ़ गया। जून माह में शादी होनी है। घटना नरैनी थाना क्षेत्र के बिल्हरका मजरा भांवरपुर में रविवार की देर शाम की है। मोतीलाल प्रजापति के घर में गैस सिलिंडर से आग लग गई। कुछ ही देर में यह बेकाबू होकर पड़ोसी रामलाल व दयाराम के मकानों तक पहुंच गई। तीनों मकान और वहां रखा सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने आग को बुझाने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड व पुलिस ने पास के बोर से पानी लेकर आग पर काबू पाया। गृहस्वामी मोतीलाल ने बताया कि 15 जून को बेटी की शादी होने से काफी सामान व राशन रख लिया था। 20 क्विंटल चावल व गेहूं, 2 क्विंटल सरसों व 32 हजार का दहेज का सामान जल गया। उधर, दयाराम, रामलाल का कहना है आग से राशन व भूसा जल गया। चौकी प्रभारी रामचंद्रन ने बताया कि घटना की सूचना उप जिलाधिकारी को दी गई है।
इंसेट---
करंट और आग से दो झुलसे
बांदा। शहर कोतवाली क्षेत्र के झील का पुरवा की रानी रविवार की शाम बिजली का प्लग लगाते समय करंट से झुलस गई। उधर, महोबा के खरका गांव निवासी बबलू रविवार की शाम जलता चिराग ऊपर आ गिरने से झुलस गया। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। (संवाद)