बांदा। गिरवां के बरसड़ा बुजुर्ग गांव निवासी महेश (25) की संपर्क क्रांति एक्सप्रेस की चपेट में आकर मौत हो गई। रेलवे की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त की।
पड़ोसी देवीदीन ने बताया कि महेश का साल भर से मानसिक स्वास्थ्य ठीक नहीं चल रहा था। मंगलवार की शाम वह घर से निकला था। बुधवार को सुबह उसका शव गांव से करीब एक किलोमीटर दूर रेलवे लाइन पर कटा मिला। रेलवे की ओर से मिली सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया है। महेश चार भाइयों में सबसे छोटा व अविवाहित था। घर में मां सुमित्रा है। पिता कमलेश मजदूरी करते हैं। उनके पास आधा बीघा जमीन भी है। गिरवां थानाध्यक्ष राधा कृष्ण तिवारी ने बताया कि संपर्क क्रांति ट्रेन की चपेट में आने से हादसा हुआ है।