बबेरू (बांदा)। पत्नी से कहासुनी होने पर युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। सुबह पत्नी ने देखा तो उसे जमीन पर मृत पड़ा पाया। पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया खुदकुशी करना प्रतीत हो रहा है। जांच की जा रही है।
कोतवाली क्षेत्र के जलालपुर गांव के मजरा गौरा निवासी ललिता ने बताया कि उसके पति कृष्ण कुमार (34) दिल्ली में रहकर मजदूरी करते थे। शनिवार सुबह वह दिल्ली से आए थे। शाम को घरेलू बात को लेकर उनसे विवाद हो गया। रात में खाना खाने के बाद पत्नी ने बताया कि वह अपने पांच वर्षीय बेटी और पति के साथ रसोई के बगल में सो गईं। रविवार सुबह पति को मृत पड़ा पाया।
उधर, कृष्ण कुमार की मां बुद्दी देवी और बड़े भाई अजय ने बताया कि कृष्ण कुमार के शरीर में चोटें और गले में फंदे के निशान हैं। उसके दो बेटी व एक बेटा है। कोतवाली इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह राजावत ने बताया कि प्रथम दृष्टया फंदा लगाकर खुदकुशी करने का मामला लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।