फोटो- 10 राजा उर्फ सुनील कुमार। फाइल फोटो
बांदा। रिश्तेदार महिला से शादी करने की मंशा पूरी न होने पर 12वीं के छात्र ने ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। पुलिस ने घटनास्थल से मिले मोबाइल से परिजनों को जानकारी दी।
शहर कोतवाली क्षेत्र के जरैली कोठी मोहल्ला निवासी राजा उर्फ सुनील कुमार (19) ने मंगलवार की रात रेलवे क्रासिंग क्योटरा में ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। राजा के मामा राजकमल ने बताया कि राजा ने इस साल 12वीं की परीक्षा देने के लिए प्राइवेट फार्म भरा था। उसका तिंदवारा इंटर कॉलेज में सेंटर पड़ा था। परीक्षा देने के लिए परीक्षा सामग्री भी खरीदकर लाया था। मंगलवार की रात साढ़े आठ बजे वह घर से बताकर निकला था कि कुछ देर में वापस आ जाएगा। काफी देर तक वापस नहीं आने पर उसकी मां नीतू ने उसे फोन किया तो उसने बताया कि वह चौराहे पर है, घर आ रहा है।
इसके बाद पुलिस की कॉल आई कि राजा की ट्रेन से कटकर मौत हो गई है। मामा के मुताबिक, राजा अपने किसी रिश्तेदार महिला से शादी करना चाहता था। घरवाले इस रिश्ते को लेकर तैयार नहीं थे। इसी के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया है। वह चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। पिता राजेंद्र एक मेडिकल एजेंसी में गाड़ी चालक हैं। शहर कोतवाल बलराम सिंह ने बताया कि ट्रेन से कटकर जान दी है। मामला पारिवारिक बताया जा रहा है।