बांदा। शार्ट सर्किट से घर में आग लग गई। इससे गृहस्थी का सामान जलकर नष्ट हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस व दमकल कर्मियों ने परिजनों की मदद से आग पर काबू पाया। अतर्रा कस्बे के ब्रह्म नगर मोहल्ला निवासी अरविंद के घर में रविवार शाम करीब चार बजे कमरे के बिजली बोर्ड में शार्ट सर्किट हो गया। इससे रिहायशी मकान में आग लग गई। घर में धुंआ फैला देखकर परिजन बाहर निकल आए। उन्होंने आग पर काबू पाने की कोशिश की,लेकिन आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस व दमकल कर्मियों ने पड़ोसियों व परिजनों की मदद से आग पर काबू पाया। पीड़ित अरविंद ने बताया कि आग से गेहूं, चावल सहित अन्य खाद्य पदार्थ व गृहस्थी का सामान जलकर नष्ट हो गया। कोतवाली प्रभारी ऋषिदेव कुमार ने कहा कि शार्ट सर्किट से आग लगी है, राजस्व विभाग को जानकारी दी गई है। (संवाद)