बांदा। कच्ची-पक्की और ध्वस्त सड़क पर यात्रा करके अंजान बाबा धर्मस्थल पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। शासन ने धर्मार्थ योजना के तहत इस सड़क की मरम्मत व चौड़ीकरण का फैसला किया है। इसके लिए 1.53 करोड़ रुपये स्वीकृत कर दिए हैं।
तिंदवारी विकास खंड के डिघवट गांव में अंजान बाबा नाम से एक धर्मस्थल हैं। यहां पर एक विशालकाय वृक्ष है जो वर्तमान में गिरा हुआ और इसे क्षेत्रीय लोग कल्पवृक्ष के नाम से जानते हैं। यहां पर रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपनी मन्नत लेकर आते हैं। क्षेत्र के लोगों के लिए यह धर्मस्थल आस्था का प्रतीक बना हुआ है। श्रद्धालु आने-जाने के लिए डिघवट से नई बस्ती होते हुए इस धर्मस्थल पर पहुंचते हैं।
यह मार्ग पूरी तरह से ध्वस्त हो चुका है और जरा सी बरसात होते ही मार्ग में कीचड़ व जलभराव हो जाता है। इससे लोगों को बरसात के दिनों में यहां आने में दिक्कत उठानी पड़ती है। जिला प्रशासन की मांग पर शासन ने धर्मार्थ योजना के तहत इस सड़क की मरम्मत व चौड़ीकरण कराने के निर्देश दिए हैं और इसके लिए 1.36 करोड़ रुपये जारी भी हो गए हैं।