फोटो- 09 मरका के यमुना नदी में सिपाही की खोज करती एसडीआरएफ की टीम। संवाद
- फोटो : katra news
बांदा /बबेरू। सिर पर भारी तवे का प्रहार किए जाने से हत्यारोपी सिपाही की पत्नी के दिमाग में गहरी चोट आई है। उसकी नाक की नस भी फटने के साथ जबड़ा भी टूटा है। लगातार तीसरे दिन भी कानपुर रिजेंसी में उसे होश नहीं आ सका है। डॉक्टर लगातार उसकी निगरानी कर रहे हैं। शिवानी की हालत गंभीर बनी हुई है। उधर, मरका गांव से निकली यमुना नदी में एसडीआरएफ की टीम ने फतेहपुर बार्डर तक स्टीमर से हत्यारोपी सिपाही की खोज की है।
फर्रुखाबाद जनपद के मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र के गढ़ कुइयां कूट गांव निवासी गौरव कुमार यादव मरका थाने में डायल-112 में चालक के पद पर तैनात था। पड़ोसियों के मुूताबिक, वह मरका थाना से कुछ ही दूरी पर किराए का कमरा लेकर अपनी पत्नी शिवानी (25) व तीन वर्षीय बेटी परी के साथ किराए का रूम लेकर रह रहा था। बुधवार को वह सुबह की शिफ्ट में ड्यूटी करके घर लौटा था। वह दोपहर बाद अपनी पत्नी शिवानी और बेटी को कस्बे में आयोजित मकर संक्रांति का मेला दिखाने के लिए अपने साथ ले गया था।
वहां से लौटने के बाद रात करीब नौ बजे उसका पत्नी से किसी से बात करने को लेकर विवाद हो गया था। तैश में आकर सिपाही ने पत्नी पर रोटी बनाने वाले तवा से हमला कर दिया था। इस बीच उसकी बेटी बीच में आ गई तो उस पर भी तवा से ताबड़तोड़ वारकर बेटी की हत्या कर वह कमरे में ताला लगाकर भाग निकला था। सिपाही की पत्नी शिवानी के पिता ने सिपाही समेत सात ससुरालियों पर हत्या, उत्पीड़न और दहेज मांगने की धारा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वारदात के बाद वह यमुना नदी में कूद गया था।
शिवानी को कानपुर रिजेंसी में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार को शिवानी के भाई कानपुर निवासी अभिषेक ने बताया कि बहन की हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों के मुताबिक, भारी तवे के प्रहार से उसके सिर के अंदरूनी हिस्से दिमाग तक में चोट का असर है। नाक की नस भी फटी हुई है। जबड़ा पूरी तरह से टूट चुका है। लगातार डॉक्टरों के इलाज के बावजूद वह होश में नहीं आ सकी है। उसका इलाज जारी है।
शुक्रवार को ही शिवानी की बेटी परी का बिठूर में अंतिम संस्कार किया गया है। उधर, लखनऊ से आई एसडीआरएफ टीम प्रभारी अनुपम कुमार की 11 सदस्यीय टीम ने एक स्टीमर, एक नाव से चरका गांव तक पांच किमी तलाश की गई। नदी में एक जाल, दो छोटे जाल डाले गए लेकिन हत्यारोपी सिपाही का कहीं पता नहीं चल सका।
मरका थाना इंस्पेक्टर मिथलेश सिंह ने बताया कि यमुना नदी में सर्च अभियान जारी है। सिपाही का पता नहीं चल सका है।