बांदा। घरेलू कहासुनी पर पत्नी को वीडियो कॉल कर स्वास्थ्यकर्मी ने सीएचसी परिसर में केबिल से फंदा लगा लिया। पत्नी उसकी वीडियो कॉल देखकर मौके पर पहुंची तो वह फंदे से लटका मिला।
देहात कोतवाली क्षेत्र के चहितारा गांव निवासी शिवचरन (38) जसपुरा सीएचसी में कुक पोस्ट पर वर्ष 2005 से तैनात था। रविवार की रात नौ बजे करीब उसका घरेलू बात को लेकर पत्नी रामसखी से झगड़ा हो गया। वह घर से झगड़ा कर सीएचसी आ गया। वहां से उसने अपनी पत्नी के मोबाइल में वीडियो कॉल की। उसने वीडियो कॉल में फंदा लगाने की बात कही। जब तक पत्नी मौके पर पहुंची। शिवचरन ने सीएचसी परिसर में लगे चैनल से केबिल से फंदा लगा लिया। इस बीच कुछ स्टाफ भी उसे बचाने दौड़ा लेकिन वह सफल नहीं हो सके।
चाचा राजाराम प्रजापति ने बताया कि करीब 15 साल से वह घर से अलग पत्नी के साथ रह रहा था। साल भर से शराब पीने को लेकर पति-पत्नी के बीच झगड़ा चल रहा था। इसी को लेकर घटना वाली रात भी कहासुनी हो गई। जिससे उसने यह आत्मघाती कदम उठाया है। उसके दो बेटी एक बेटा है। पिता रचकू खेती किसानी करते हैं। दो भाइयों में बड़ा था। जसपुरा थानाध्यक्ष मोनी निषाद ने बताया कि पति-पत्नी के आपसी विवाद के चलते स्वास्थ्य कर्मी ने यह आत्मघाती कदम उठाया है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।