फोटो - 04 कचरे ऊपर बनाया जा रहा कूड़ाघर। संवाद
बांदा। शहर में 19 लाख रुपये की लागत से बन रहा कूड़ा घर पहली बारिश में धराशाई हो सकता है। इसका निर्माण घटिया तरीके से किया जा रहा है। नगर पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि ने ठेकेदार की जमानत राशि जब्त करने की बात कही है।
यह कूड़ा घर मर्दन नाका अवस्थी भवन के पास नाले के किनारे बनाया जा रहा है। नगर पालिका परिषद पुराने कूड़ा घर को तुड़वाकर नया बनवा रही है। इसका उद्देश्य कूड़ावाहन ट्रक खड़ा करना और सफाई व्यवस्था बनाए रखना है। वार्डों से कूड़ा सीधे ट्रक में डाला जाएगा, धरती पर नहीं। ट्रक फिर इसे निस्तारण स्थल पर ले जाएगा। कूड़ा घर गहरे नाले को पाटकर बनाया गया है। गहराई का भराव कचरे से करके ऊपर मिट्टी की परत डाली गई है। भराव की कुटाई नहीं की गई और ऊपर आरसीसी स्लैब डाल दी गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश में नाला उफान पर रहता है। निर्माण स्थल पर जलभराव होता है। पाटा गया कचरा धंस जाएगा। इससे कूड़ा घर का ढांचा क्षतिग्रस्त या धराशाई हो जाएगा। पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि अंकित गुप्ता ने जांच कराने और घटिया निर्माण पर कार्रवाई की बात कही है।