अतर्रा। खराब पड़ी मोपेड की मरम्मत कराने के लिए किसान ई-रिक्शा से टोचिंग करके अतर्रा जा रहा था। गुठिल्ला पुरवा के पास वाहन ने टक्कर मार दी, इससे किसान की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत भाग निकला। पुलिस तलाश कर रही है। अतर्रा कोतवाली क्षेत्र के बल्लान गांव निवासी शशिकरन सिंह (51) शुक्रवार की सुबह अपनी खराब मोपेड की मरम्मत कराने के लिए ई-रिक्शा से टोचिंग करके अतर्रा जा रहे थे। गुठिल्ला पुरवा के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, सड़क पर गिर जाने से किसान के सिर में गंभीर चोट आ गई। राहगीरों ने परिजनों को सूचना दी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतर्रा में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम हाउस में मौजूद भतीजे नीरज ने बताया कि शशिकरन के 11 बीघा जमीन है। वह खेती किसानी करके परिवार का भरण पोषण करता था। अतर्रा में कॉपरेटिव समिति में उन्हें खाद भी लेनी थी। मृतक किसान तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। कोतवाली पुलिस का कहना है कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।