बांदा। बाजार से पैदल घर जा रहे युवक के ऊपर बिजली का जर्जर खंभा गिर गया। इससे वह गंभीर घायल हो गया। इलाज के दौरान मौत हो गई।
अतर्रा कोतवाली क्षेत्र के आजाद नगर लाई मंडी के पीछे निवासी अंकित कुशवाहा (19) शनिवार की देर शाम बाजार से पैदल घर जा रहा था। घर से कुछ दूर सड़क किनारे लगा जर्जर बिजली का खंभा टूटकर उसके ऊपर गिर गया। सिर पर खंभा गिरने से वह खून से लथपथ होकर बेहोश हो गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने उसे सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल में देर रात इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पिता उमाशंकर ने बताया कि दो भाइयों व एक बहन में सबसे छोटा था। पिता कर्वी में सफाईकर्मी हैं। वह इंटर का छात्र था। घर में मां मुन्नी देवी है। अतर्रा कोतवाली प्रभारी कुलदीप तिवारी ने बताया कि खंभा गिरने से हादसा हुआ है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
इनसेट...
पिता की तहरीर पर दर्ज हुआ अज्ञात पर मुकदमा
बांदा। अतर्रा कोतवाली इंस्पेक्टर कुलदीप तिवारी ने बताया कि मृतक अंकित कुशवाहा के पिता उमाशंकर कुशवाहा की तहरीर पर कोतवाली में बिजली विभाग के अज्ञात अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। उधर, एसडीएम रावेंद्र सिंह ने कहा दैवी आपदा के तहत मृतक के परिजनों को सहायता राशि दिलाई जाएगी। साथ ही बिजली विभाग से भी मुआवजा दिलाने का प्रयास करेंगे।