आग से धराशाई इमारत का मलबा हटाती जेसीबी।
- फोटो : अमर उजाला
रिहायशी आवास में किराए का कमरा लेकर खोली गई पटाखे की दुकान में गुरुवार की देर शाम भीषण आग लग गई। आतिशबाजी के धमाकों से दुकान की छत और दीवारें धराशाई हो गईं। बड़ी संख्या में फायर ब्रिगेड और पुलिस ने पहुंचकर राहत कार्य शुरू कर दिए। जेसीबी से मलबा हटाने का काम भी शुरू हुआ। इस बचाव कार्य में बीच-बीच में हो रहे धमाके आड़े आते रहे।
एक व्यक्ति का झुलसा हुआ शव बरामद हुआ। उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। दुकानदार समेत कई लोगों के मलबे में फंसे होने की संभावना है। एक घायल को सीएचसी से जिला अस्पताल भेज दिया गया। देर रात तक आग बुझाने और मलबा हटाने का काम जारी था।
घटना शाम करीब साढ़े 7 बजे की बताई गई है। बिसंडा थाना क्षेत्र के कुर्रही गांव का नफीस बिसंडा कस्बे में देशराज पटेल के मकान में किराए के कमरे पर आतिशबाजी की दुकान किए था। अचानक दुकान आतिशबाजी के धमाकों और आतिशबाजी की चपेट में आ गई। आसपास भगदड़ मच गई। दुकान में मौजूद लोग भी बाहर नहीं निकल पाए। दुकान की छत ढह जाने से भारी मात्रा में मलबा आ गिरा। कुछ ही देर बाद पहुंच गई फायर ब्रिगेड और पुलिस ने आनन-फानन जेसीबी मशीनों से मलबा हटाया। इसमें युवक का बुरी तरह झुलसी अवस्था में शव बरामद हुआ। फौरीतौर पर उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है।
दुकानदार का भी कुछ पता नहीं चला। बिसंडा निवासी शिवलखन (17) पुत्र कैसा बुरी तरह झुलस गया। उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया। देर रात तक मलबा हटाने और आग बुझाने की मशक्कत जारी थी। मुख्यालय से पुलिस अधीक्षक गणेश साहा भी मौके पर पहुंच गए। उनके निर्देशन में फायर ब्रिगेड, यूपी-100 और क्षेत्रीय थानों की पुलिस राहत कार्य में जुट गई। देर रात डीआईजी एके राय भी मौके पर पहुंच गए।