बांदा। सीएमओ कार्यालय परिसर में कई दिनों से धरना दे रहीं आशा बहुओं ने बुधवार को आंदोलन तेज कर दिया। सड़कों पर प्रदर्शन किया और नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। बाद में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।
राज्य कर्मचारी का दर्जा दिए जाने की मंाग लेकर आशा बहुएं लगातार आंदोलन पर हैं। सीएमओ कार्यालय परिसर में उनका धरना चल रहा है। आशा वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले आशा बहुओं ने प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में कहा है कि वह परिवार कल्याण विभाग में रातदिन मेहनत से काम कर रही हैं लेकिन इतना भी पैसा नहीं मिलता कि परिवार का भरण-पोषण कर सकें। कार्य के अनुरूप धनराशि नहीं दी जाती। मांग की कि आशा बहुओं को राजकीय कर्मचारी का दर्जा देते हुए कार्य लिया जाए ताकि अन्य राज्य कर्मियों की तरह वे भी अपना भरण-पोषण कर सकें। आशा बहुओं ने दोपहर करीब दो बजे अशोक लाट तिराहे के पास नेशनल हाईवे पर धरना देकर जाम लगा दिया।
लगभग आधा घंटे तक दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। बाद में सिटी मजिस्ट्रेट को उनके कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन अध्यक्ष विनोद तिवारी और मंत्री छाया विश्वकर्मा के नेतृत्व में आंदोलन चल रहा है।