बांदा। चुनाव ड्यूटी में लगाए गए कर्मचारी डाक मत पत्र के जरिए मतदान कर सकेंगे। मंगलवार से यह काम शुरू भी हो गया। पहले दिन 13 कर्मचारियों ने डाक मत पत्र के जरिए वोट डाले। पूरे जनपद में कुल 1214 कर्मचारी ड्यूटी पर लगाए गए हैं। ये सभी डाक मत पत्र से मतदान कर सकेंगे।
मंगलवार को पंडित जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय में चल रहे मतदानकर्मी प्रशिक्षण के साथ डाक मत मतदान की भी शुरूआत हो गई। यह 28 जून तक चलेगी। हर निकाय के लिए अलग मत पेटी रखी गई है। पहले दिन बांदा और अतर्रा नगर पालिका परिषदों के लिए आठ कर्मचारियों ने डाक मतपत्र से वोट डाले। इनके अलावा नरैनी, बिसंडा, ओरन, तिदंवारी और बबेरू नगर पंचायतों के लिए भी एक-एक वोट डाला गया।
मटौंध नगर पंचायत में कोई वोट नहीं पड़ा। डाक मतपत्र प्रभारी अधिकारी शिवऔतार और सहायक अधिकारी मुईन राही ने बताया कि मतगणना के 48 घंटे पूर्व तक सरकारी कर्मचारी डाक बैलेट पेपर के जरिए मतदान कर सकेंगे। मतगणना की शुरूआत भी डाक मत पत्रों से होगी।