अतर्रा। राजकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय एवं चिकित्सालय में छात्रों का फ्रेशर एवं फेयरवेल समारोह मनाया गया। वर्ष 2008 बैच के छात्र-छात्राओं ने अंतिम वर्ष 2007 के छात्र-छात्राओं को विदाई दी। 2010 बैच के छात्रों ने वर्ष 2011 के नए बैच का स्वागत किया। मुख्य अतिथि सांसद आरके सिंह पटेल व विशिष्ट अतिथि डा.मदनगोपाल वाजपेयी व प्रबंधक जगमोहन सिंह (चित्रकूट) रहे।
समारोह की शुरूआत भगवान धन्वंतरि और सरस्वती पूजन के साथ हुई। सांसद आरके सिंह पटेल ने आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति ऋषि-मुनियों की देन बताई। उन्होंने आयुर्वेदिक चिकित्सा को बढ़ावा देने पर जोर दिया। कालेज को विश्वविद्यालय का दर्जा दिलाने के लिए पैरवी का भरोसा दिया। ओपीडी के पांच कमरे बनाने के लिए सांसद निधि से धनराशि मुहैया कराने का भरोसा दिया। डा.मदनगोपाल वाजपेयी ने कहा कि कोई भी असाध्य रोग आयुर्वेदिक से ठीक किया जा सकता है। प्राचार्य डा.एसएन सिंह ने प्रशिक्षु चिकित्सकों से समय का सदुपयोग करने को कहा। जेएम पब्लिक स्कूल कर्वी प्रबंधक जगमोहन सिंह समेत अतिथियों ने संबोधित किया। प्रशिक्षु चिकित्सकों ने सामूहिक नृत्य, गीत व सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।