बांदा। लोकसभा चुनाव में यहां भेजी गईं जिलाधिकारी शीतल वर्मा 72 दिनों की पारी खेलकर ‘आउट’ हो गईं। उनकी इस जनपद में दूसरी पारी थी। इसके पूर्व यहां उनका कार्यकाल 382 दिन का रहा।
लोकसभा चुनाव निष्पक्ष संपन्न कराने की मंशा से निर्वाचन आयोग ने पदोन्नति के जरिए आईएएस कैडर प्राप्त सत्येंद्र कुमार सिंह को हटा दिया था। उनकी जगह 28 मार्च को शीतल वर्मा (आईएएस) को दूसरी बार यहां तैनाती मिली। शांतिपूर्वक चुनाव और मतगणना निपटते ही डीएम के तबादले की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया। लेकिन तुरंत तबादला नहीं हुआ। अब मतगणना के 22वें दिन शनिवार को शासन ने डीएम शीतल वर्मा का तबादला कर दिया। यहां उनका दूसरा कार्यकाल 72 दिनों का रहा। इसके पूर्व उन्होंने 4 जुलाई 2011 में जनपद की कमान संभाली थी। यहां वह 382 दिन रहीं। 31 जुलाई 2012 को उनका तबादला कर दिया गया था।