बांदा। विश्व अस्थमा दिवस के मौके पर डाक्टरों ने दावा किया कि बुंदेलखंड में हर 12 में से एक व्यक्ति श्वांस रोगी है। अस्थमा पीड़ित बच्चों की संख्या का ग्राफ भी तेजी से बढ़ा है। चिंता जताई कि इसके प्रति लोगों को जागरूक नहीं किया गया तो यह रोग भयावह हो जाएगा।
दिवस के चौथे दिन शनिवार को बाल रोग विशेषज्ञ डा.नरेंद्र गुप्ता और चेस्ट रोग विशेषज्ञ डा.अशोक गुप्ता ने गुरुदेव पैलेस में मीडिया से बातचीत में विश्व स्वास्थ्य संगठन की रिपोर्ट का जिक्र किया। बताया कि तीन करोड़ मरीज पूरे देश में है तो बुंदेलखंड में अस्थमा पीड़ितों की संख्या लाखों में पहुंच गई है। प्रदूषण की वजह से बच्चे भी श्वांस रोगी हो रहे हैं। खुलासा किया कि उनके यहां इलाज को आ रहे अस्थमा रोगी बच्चों की संख्या तेजी से बढ़ी है। देश में हर 20 में से एक बच्चा अस्थमा से ग्रसित पाया गया।
डा.नरेंद्र गुप्ता ने दावा किया कि बुंदेलखंड में जागरूकता का अभाव है। रोग के अंतिम चरण में पहुंचने के बाद मरीज इलाज को आता है। चेस्ट रोग विशेषज्ञ ने बताया कि मर्ज गंभीर होने पर मरीज की जिंदगी इन्हेलर्स पर निर्भर हो जाती है। दमा रोग दम निकलने (मृत्यु) के बाद जाता है। जानकारी दी कि माह के तीसरे शनिवार को पीली कोठी स्थित आवास में कैंप लगाकर अस्थमा रोगियों की मुफ्त जांच होगी। इस अवसर पर टीएम नीरज द्विवेदी व धीरज पांडेय आदि उपस्थित रहे।