बांदा। भगवान भरोसे अपना बचाव कर रहे बाढ़ पीड़ितों को मदद पहुंचाने के प्रशासनिक दावे किए गए हैं। अपर जिलाधिकारी विजय बहादुर सिंह ने कहा है कि बाढ़ से घिरे गांवों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। इसके लिए स्टीमर और नावों की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि बीडीओ जसपुरा और कमासिन को अपने बाढ़ पीड़ित क्षेत्रों में लगाया गया है। कमासिन बीडीओ मरका क्षेत्र, नरैनी बीडीओ गिरवां क्षेत्र और तिंदवारी बीडीओ चिल्ला क्षेत्र में लगाए गए हैं। एसडीएम एके पुष्कर को पैलानी, एसडीएम अतर्रा को कनवारा में तैनात किया गया है। मुख्य विकास अधिकारी को पैलानी क्षेत्र में रहकर राहत कार्यों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। रघुवंशी डेरा के बाढ़ पीड़ितों को आईटीआई, नगर पालिका बालिका इंटर कालेज और जेएन डिग्री कालेज में ठहरने की व्यवस्था की गई है। एडीएम ने दावा किया है कि इन स्थानों पर पूड़ी, सब्जी लंच पैकेट, पेयजल, शौचालय आदि की व्यवस्था करा दी गई है। हालांकि मौके पर इन राहत केंद्रों में कुछ भी मौजूद नहीं है। ब्यूरो