बांदा। जिले में अप्रैल से सीधे केबिल से टेलीविजन पर प्रसारण नहीं देखा जा सकेगा। महानगरों की तर्ज पर यहां भी ‘सेटअप बाक्स’ जरूरी कर दिया गया है। इसके लिए उपभोक्ता को जेब भी ज्यादा हल्की करनी पड़ेगी। केबिल वालों से मनोरंजन विभाग ने उनके कनेक्शनों का ब्योरा मांगा है।
फिलहाल डिस्क कनेक्शन के जरिए हजारों लोग टीवी पर विभिन्न चैनलों का प्रसारण देख रहे हैं। सिर्फ बांदा शहर में कनेक्शनधारकों की संख्या 10 हजार से ऊपर है। कनेक्शनधारक उपभोक्ता डिस्क संचालक को प्रति माह 150 से 200 रुपए अदा कर प्रसारण का लुत्फ ले रहे हैं लेकिन हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा लागू की गई सेटअप बाक्स योजना के पहले चरण में प्रमुख चारों महानगरों में सेटअप बाक्स लगाए जा चुके हैं। अब छोटे शहरों की बारी है। मंडल मुख्यालय बांदा शहर में भी इसी वर्ष अप्रैल माह से सेटअप बाक्स के जरिए प्रसारण शुरू हो जाएगा। मनोरंजन कर विभाग ने सभी केबल आपरेटरों से कनेक्शनों का ब्योरा मांगा है।
अप्रैल माह से शुरू हो रही सेटअप बाक्स व्यवस्था में बांदा कानपुर से संबद्ध रहेगा। प्रसारण की जिम्मेदारी निजी क्षेत्र की ‘डेन कंपनी’ को सौंपी गई है। प्रति सेटअप बाक्स की कीमत एक हजार रुपए होगी। इसके अलावा उपभोक्ता को 250 रुपए प्रति माह किराए के रूप में अदा करना होगा। केबिल संचालकों से मनोरंजन कर विभाग लगभग एक लाख रुपए सालाना मनोरंजन कर वसूल रहा है। सेटअप बाक्स के बाद उपभोक्ता से लिए गए 250 रुपए में तीन जगह बंटवारा होगा। 100 रुपए संचालक डेन कंपनी लेगी 100 रुपए मनोरंजन कर विभाग वसूलेगा। केबिल संचालक को सिर्फ 50 रुपए मिलेंगे।