ओरन/चिल्ला। जबरदस्त गर्मी और उमस के बीच अलग-अलग कारणों से कई गांवों मेें कई दिनों से बिजली गुल है। गर्मी और उमस मेें हजारों उपभोक्ता परेशान हैं। कारोबार ठप हैं तो जल आपूर्ति भी प्रभावित है। मंडल मुख्यालय में बैठे पावर कारपोरेशन और प्रशासन के अधिकारी चुप्पी साधे हैं। उच्चाधिकारियों और कंट्रोल रूम में शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
चिल्ला क्षेत्र के कालेश्वर फीडर में कंडक्टर बदलने के लिए बिजली विभाग ने चार दिन पूर्व आपूर्ति बंद की थी। यह आज तक चालू नहीं हुई। उपभोक्ता सुहेल अहमद फारुकी, शादाब अहमद, शिवशकंर गुप्त, शिव प्रसाद साहू, पवन निगम, अमित निगम ने बताया कि सब स्टेशन के अभियंता फोन नहीं उठाते। 1912 कंट्रोल रूम में शिकायत दर्ज कराने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई। बिजली गुल होने से कस्बे में पानी का जबर्दस्त संकट है।
ओरन प्रतिनिधि के मुताबिक सब स्टेशन में फाल्ट आने से 36 घंटे से क्षेत्र के गांव में बिजली गुल है। ग्रामीणों ने बताया कि ओरन, ओरन ग्रामीण, मझीवां, जरोहरा, नांदनमऊ, शाहपुर, मरौली, बिसंडी, कुल्लूखेड़ा, भदावल, बाघा समेत कई गांवों के एक लाख उपभोक्ता अंधेरे में हैं। बिजली गुल होने से गांवों में पानी का संकट गहरा गया है। एसडीओ डीवी आर्या का कहना है कि लाइनमैन फीडर की पेट्रोलिंग कर रहे हैं। फाल्ट मिलते ही आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
खप्टिहा कलां प्रतिनिधि के अनुसार, कालेश्वर फीडर छह दिन से बंद है। इससे जुड़े खप्टिहा समेत कई गांवों में बिजली के लिए त्राहि-त्राहि मची है। गर्मी में लोग परेशान है। रात को सुरक्षा को लेकर खतरा है। अवर अभियंता अल्ताफ अहमद ने बताया कि लाइन टेस्ट की जा रही है। फाल्ट की वजह से आपूर्ति प्रभावित है।
-अलग-अलग कारणों से चिल्ला, खप्टिहा, ओरन में जबरदस्त बिजली संकट
अमर उजाला ब्यूरो