बांदा। रेलवे स्टेशनों पर टिकट खिड़की में यात्रियों की बढ़ती भीड़ से बुंदेलखंड में कुछ राहत मिलेगी। उत्तर मध्य रेलवे ने बुंदेलखंड के 10 रेलवे स्टेशनों पर 64 ‘जन साधारण टिकट बुकिंग सेवक’ (जेटीबीएस) खोलने की तैयारी शुरू कर दी है। इन केंद्रों में रेल के अनारक्षित टिकटों की ब्रिकी होगी।
उत्तर मध्य रेलवे, इलाहाबाद ने कंप्यूटरीकृत अनारक्षित टिकट प्रणाली (यूटीएस) योजना के तहत यूपी-एमपी के बुंदेलखंड में 27 रेलवे स्टेशन क्षेत्रों में 140 जेटीबीएस खोलने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अनुसूचित जाति/जनजाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक और सामान्य वर्ग के लोगों को यह मौका दिया जाएगा।
इसमें यूपी के हिस्से वाले बुंदेलखंड में 64 केंद्र खोले जा रहे हैं। बांदा में 12, कर्वी (चित्रकूट) में 9, महोबा में 9, उरई में 9, अतर्रा में 7, कुलपहाड़, भरुआ सुमेरपुर, बेलाताल और कालपी में 2-2, रागौल (मौदहा) में एक तथा ललितपुर में 8 टिकट बुकिंग केंद्र खोले जा रहे हैं। इनका आरंभिक काल तीन वर्ष होगा।
काम संतोषजनक पाए जाने पर अगले तीन सालों तक हर साल कार्यकाल बढ़ाया जाता रहेगा। लेकिन उसके बाद नए सिरे से आवेदन लिए जाएंगे। आवेदन फार्म मंडल रेल प्रबंधक (वाणिज्य), झांसी कार्यालय में एक हजार रुपये जमा करने पर मिलेंगे। जमा किया गया पैसा वापस नहीं होगा। 18 जुलाई तक आवेदन दिए जा सकेंगे।
-बुंदेलखंड के 10 रेलवे स्टेशनों पर खुलेंगे 64 जेटीबीएस
-जन साधारण टिकट बुकिंग सेवक से मिलेंगे टिकट
-उत्तर मध्य रेलवे ने 18 जुलाई तक मांगे टेंडर
अमर उजाला ब्यूरो