बांदा। सुबह बाइक से निकले स्नातक छात्र की स्कूली बस की टक्कर से मौत हो गई, जबकि साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। दोनों ही हेलमेट नहीं लगाए थे।
शहर के मुचियाना मोहल्ले निवासी आशीष (20) पुत्र संतोष सोनकर और कालू कुआं का अंकुश (22) पुत्र शिवानंद एक ही बाइक पर शनिवार सुबह घूमने निकले थे। बाइक अंकुश चला रहा था। बांदा-नरैनी मार्ग पर नवाब टैंक के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कूली बस ने बाइक को टक्कर मार दी।
जिससे दोनों गंभीर रूप से जख्मी होकर सड़क पर जा गिरे। आसपास के लोगों ने उन्हें नजदीक स्थित मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। जहांआशीष की मौत हो गई। वह जसपुरा के एक महाविद्यालय में बीएड का छात्र था और बलखंडी नाका चौराहा स्थित एक मोबाइल दुकान में सेल्समैन था।
मृतक के भाई मनीष ने बस चालक पर लापरवाही से वाहन चलाकर दुर्घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पोस्टमार्टम हाउस में बड़ी संख्या में मृतक के परिचितों और परिजनों का जमावड़ा रहा। तिंदवारी क्षेत्र के विधायक बृजेश प्रजापति भी पोस्टमार्टम हाउस आए और मृतक के परिजनों को सांत्वना दी। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। बांदा में ही मुक्तिधाम में उसका अंतिम संस्कार किया गया।
-दोनों नहीं लगाए थे हेलमेट, बीएड का छात्र और मोबाइल कंपनी का सेल्समैन था मृतक
अमर उजाला ब्यूरो