बांदा। टेंपो पलटने से एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए। अन्य सड़क हादसों में छह घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शहर कोतवाली क्षेत्र के तिंदवारा गांव निवासी रामरूप (55) अपनी पत्नी कमला (50) और पुत्री प्रियंका (19) व दामाद राम प्रसाद (20) के साथ सोमवार को दोपहर टेंपो पर लामा गांव जा रहे थे। मवई गांव के नजदीक मवेशियों को बचाने में टेंपो पलट गया। ग्रामीणों ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
एक अन्य घटना में तिंदवारी थाना क्षेत्र के गरौंती गांव निवासी राममिलन (25) पुत्र लल्लू साइकिल पर तिंदवारी से गांव जाते समय अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हो गया। देवी नगर नरैनी निवासी रामबहोरी का पुत्र सौरभ (5) सोमवार को सुबह अपनी बड़ी मां के साथ दहिनारा की रस्म पर लामा गांव के देवी मंदिर जाते समय जीप की टक्कर से घायल हो गया। उधर, मरका थाना क्षेत्र के बांकल गांव का उमाकांत (22) पुत्र देवराज रविवार की रात बाइक पर गांव जाते समय पतवन गांव के नजदीक बाइक फिसल जाने से गिरकर घायल हो गया।
परिजनों के मुताबिक युवक के साथ उसका रिश्ते का मामा रमेश (खैरी, कमासिन) भी था। लेकिन वह घटना के बाद नदारद हो गया। बबेरू प्रतिनिधि के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र के हरदौली गांव निवासी खातून (46) पत्नी शराफत खां बाइक से गिरकर घायल हो गई। सीएचसी से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।