बांदा। चित्रकूटधाम मंडल के 75 कोरोना संक्रमित मरीज राजकीय मेडिकल कालेज से स्वस्थ होकर घर पहुंच गए। कुल 128 केसों में अब चारों जिलों में मात्र 53 सक्रिय मरीज हैं। रिकवरी रेट (ठीक होने का औसत) में 91.66 फीसदी के साथ बांदा अव्वल है।
कोविड-19 हॉस्पिटल बने राजकीय मेडिकल कालेज में मंडल के चारों जिलों के कोरोना संक्रमित भर्ती किए जाते हैं। अब तक 128 संक्रमित मरीज भर्ती हुए। मंडल के लिए राहत भरी बात यह है कि अब तक 75 मरीज कोरोना को मात देकर घर पहुंच गए। अब चारों जिलों में 53 संक्रमित मरीज हैं। इनमें सबसे ज्यादा 27 मरीज चित्रकूट के शामिल हैं।
हमीरपुर के 11, महोबा के नौ और बांदा के छह सक्रिय मरीज राजकीय मेडिकल कालेज के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती हैं। उधर, मरीजों के स्वस्थ होने (रिकवरी रेट) के मामले में चित्रकूटधाम मंडल में बांदा 91.66 फीसदी के साथ अव्वल है जबकि मंडल का औसत 60.48 प्रतिशत है।