अमर उजाला ब्यूरो
बांदा। गुजरात में उत्तर प्रदेश और बिहार के बाशिंदों के साथ की जा रही मारपीट, जुल्म और उन्हें गुजरात छोड़ने के लिए मजबूर किए जाने पर भाजपा विधायक बृजेश कुमार प्रजापति ने केंद्रीय गृह मंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर तत्काल वहां सौहार्द स्थापित कराने का अनुरोध किया है। कहा है कि गुजरात में बड़ी संख्या में बुंदेलखंड और उनके निर्वाचन क्षेत्र तिंदवारी के नागरिक भी हैं। वह डरे और सहमे हैं।
पत्र में विधायक ने कहा है कि गुजरात में अराजकतत्व वहां रह रहे बिहार और यूपी के नागरिकों के साथ मारपीट, आगजनी और तोड़फोड़ कर रहे हैं। उन्हें गुजरात छोड़ने के लिए लगातार मजबूर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड और तिंदवारी क्षेत्र के नागरिक बड़ी संख्या में गुजरात में रोजगार कर रहे हैं। वह सहमे हुए हैं और उन्हें लगातार जानमाल का खतरा बना हुआ है।
विधायक ने मांग की है कि गुजरात में देश की अखंडता खंडित करने का प्रयास कर रहे लोगों पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए। वहां एकता और अखंडता को बरकरार रखने के लिए सौहार्द बहाल किया जाए। यूपी और बिहार के लोगों के मान-सम्मान का ख्याल किया जाए।
-कांग्रेस नेता और अराजकतत्व कर रहे हैं अराजकता
-भाजपा विधायक ने गृहमंत्री और मुख्यमंत्री को भेजे पत्र
-यूपी और बिहार वालों की सुरक्षा की मांग