मौसम विभाग का पूर्वानुमान सही साबित हुआ। मंगलवार से शुरू हुए मौसम के बदलाव ने देर रात पूरी तरह करवट ले ली। आधी रात के बाद लगभग पूरे चित्रकूटधाम मंडल में घने बादलों और आकाशीय बिजली की गडग़ड़ाहट के बीच बारिश शुरू हो गई। हालांकि यह तेज गति नहीं पकड़ सकी।
तड़के तक बूंदाबांदी के बीच लगभग 7 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। इससे अधिकतम तापमान में तीन डिग्री की गिरावट आई। यह 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान एक डिग्री घटकर 7 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। बुधवार को भी पूरा दिन बादलों की आवाजाही का सिलसिला जारी रहा। उत्तर से दक्षिण दिशाओं में 4 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चली सर्दीली हवाओं ने ठंड बढ़ा दी। जनजीवन पर काफी असर पड़ा। मौसम में नमी बढ़कर 67 फीसदी हो गई। धुंध 53 प्रतिशत रिकार्ड की गई।
केंद्रीय जल आयोग के स्थानीय कार्यालय के मौसम अनुभाग के मुताबिक अभी दो दिन मौसम में ऐसा ही बदलाव रहने के आसार हैं। ठंड और बढ़ सकती है। ठिठुरन बढने से सार्वजनिक स्थानों पर जलाए गए अलावों में लोग आग सेंकते रहे। उधर, हल्की बारिश फसल के लिए फायदेमंद बताई जा रही है। खेतों में पर्याप्त नमी आ गई है। निचले इलाकों वाले खेतों में बारिश का पानी जमा हो गया है। कृषि वैज्ञानिक पहले ही इस बारिश को फसल के लिए फायदेमंद बता चुके हैं।
ठंड से बालिका की मौत, चार अस्पताल में भर्ती
बांदा। मौसम में आया तेज बदलाव जानलेवा भी साबित हुआ। कोल्ड डायरिया ने भी दस्तक दे दी। ठंड की चपेट में भी आकर कई बीमार हो गए।
पड़ोसी जनपद हमीरपुर के कपसा गांव के राजेश की पांच माह की पुत्री खुशी को कोल्ड डायरिया ने जकड़ लिया। उसे मंगलवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां कुछ देर बाद उसकी मृत्यु हो गई। जिला अस्पताल के चिकित्सक ने कोल्ड डायरिया से मृत्यु की पुष्टि की।
इसी तरह कोल्ड डायरिया की गिरफ्त में आकर पल्हरी गांव निवासी विशाल यादव (30) पुत्र रमाकांत और क्योटरा मोहल्ला निवासी संध्या (23) पत्नी अशोक बीमार हो गईं। इन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनके अलावा ठंड से कालूकुआं निवासी माया (45) पत्नी मुक्कू और दोहा गांव निवासी अंजनी (25) पत्नी नीरज बीमार हो गईं। उन्हें भी जिला अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
बांदा के डीएम कल होंगे सम्मानित
बांदा। नौवें राष्ट्रीय मतदाता दिवस-2019 के अवसर पर 25 जनवरी (शुक्रवार) को लखनऊ स्थित मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में यहां के जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी हीरा लाल को अवार्ड देकर सम्मानित किया जाएगा। संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी अलका वर्मा द्वारा जारी पत्र में बताया गया है कि राज्य स्तरीय आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी को स्टेट लेवेल बेस्ट इलेक्ट्रोल प्रेक्टिज (जनरल कैटेगरी) अवार्ड के लिए चयनित किया गया है। यह सम्मान प्रात: 11 बजे इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में प्रदान किया जाएगा। ब्यूरो