तिंदवारी। ब्लॉक सभागार में बुधवार को क्षेत्र पंचायत की वार्षिक बैठक हुई। इसमें वित्तीय वर्ष में दो करोड़ की लागत से 65 कार्य कराने के प्रस्ताव पारित किए गए। वार्षिक बैठक की शुरुआत में बीडीओ रमेश कुमार ने पूर्व की कार्रवाई और विकास कार्यों की जानकारी दी।
विकास कार्याें की योजनाओं को बताते हुए सुझाव मांगे गए। इस पर क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने अपने क्षेत्रों की समस्याओं को उल्लेखित करते हुए जानकारी दी। ब्लॉक प्रमुख दीपशिखा सिंह की अनुमति से नए प्रस्ताव आमंत्रित किए गए। इस दौरान आए 65 प्रस्तावों के लिए 2 करोड़ रुपये का प्रस्ताव पारित किया गया जबकि तीन करोड़ के कार्यों का अनुमोदन किया गया।
ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि सभी क्षेत्रों में विकास कार्य प्रमुखता से कराए जाएंगे। किसी ग्राम पंचायत से भेदभाव नहीं किया जाएगा। जलशक्ति राजमंत्री रामकेश निषाद ने कहा कि सचिव व अधिकारी गांवों में जाकर समस्याओं का निदान करें। अजय प्रताप, एडीओ पंचायत प्रदीप सिंह राणा, एडीओ समाज कल्याण आलोक कुशवाहा, कृषि विनय कुमार, पशु चिकित्सा अधिकारी रोहित सोनी भी रहे।