बांदा। कार की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल बैंक आडीटर की कानपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक के पिता ने बुधवार को शहर कोतवाली में अज्ञात कार चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कानपुर नगर के संघर्ष नगर कर्रही निवासी जयंत श्रीवास्तव (29) 19 जनवरी को यहां इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक, चिल्ला रोड स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में आडिट कार्य से आया हुआ था। वह ई-रिक्शा से उतरकर किराया अदा कर रहा था तभी स्विफ्ट डिजायर कार ने टक्कर मार दी। कार में फंसकर जयंत दूर तक घिसटता चला गया। उसके अंदरूनी गंभीर चोटें आईं। उसे जिला अस्पताल से तत्काल कानपुर रेफर कर दिया गया। वहां कई अस्पतालों में इलाज के दौरान 26 जनवरी को हैलट में उसकी मौत हो गई।
मृतक के पिता कानपुर निवासी रामऔतार श्रीवास्तव ने बुधवार को शहर कोतवाली में अज्ञात कार चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। कहा है कि जयंत उनका इकलौता पुत्र और घर का संचालक था। रिपोर्ट में यह भी दर्ज किया है कि उसकी जेब से पांच हजार रुपये और मोबाइल फोन भी गायब है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाली के उप निरीक्षक अनूप कुमार पांडेय को इसकी जांच सौंपी गई है।