बांदा। परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की यूनिफार्म के लिए दूसरे चरण में 60 हजार अभिभावकों का बैंक खाता नंबर शासन को भेजा गया है। पहले चरण में 90,419 अभिभावकों के खाते में 9 करोड़ 94 लाख 60 हजार 900 रुपये भेजे जा चुके हैं। कुल 2 लाख 38 हजार 75 बच्चों को यूनिफार्म का पैसा दिया जाना है। शेष 87,656 अभिभावकों का बैंक खाता नंबर और आधार कार्ड प्रमाणित करने में जुटा है।
बेसिक शिक्षा विभाग ने शेष रह गए एक लाख 47 हजार 656 बच्चों में 60 हजार अभिभावकों का बैंक खाता व आधार नंबर प्रमाणित कर पब्लिक फाइनेंस मैनेजमेंट सिस्टम (पीएफएमएस) पोर्टल पर अपलोड कर दिया है।
जिला समन्वयक सूर्य प्रकाश ने बताया कि कई अभिभावकों के बैंक खाते बंद हैं। इसलिए सत्यापन नहीं हो पा रहा। शासन की ओर से स्कूली बच्चों को दो सेट यूनिफार्म (कीमत-600 रुपये), स्वेटर (200 रुपये), एक जोड़ी जूता व दो जोड़ी मोजा (125 रुपये), स्कूल बैग (175 रुपये) स्कूल से वितरित किए जाते थे। कुल 1100 की धनराशि निर्धारित की गई है।