बांदा। एसबीआई एटीएम से पैसा निकालने गए युवक के साथ अज्ञात व्यक्ति ने एटीएम कार्ड बदलकर उसके एटीएम कार्ड से 57 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने घटना की सूचना बैंक में दी। कोई कार्रवाई नहीं होने पर उसने कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के शांतिनगर मोहल्ला निवासी राहुल ने बताया कि वह आठ अक्टूबर की शाम साईं दरबार के पास स्थित एसबीआई एटीएम से रुपये निकालने गया था। वह अपना एटीएम कार्ड से रुपये निकालने लगा तो एटीएम के अंदर मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति ने मदद करने को कहा तो उसने उसे एटीएम बूथ से बाहर जाने के लिए बोला लेकिन वह बाहर नहीं गया। जब राहुल ने एटीएम से 10 हजार रुपये निकाल लिए और बाहर जाने लगा तो अज्ञात ने किसी तरह से उसका एटीएम कार्ड बदल लिया।
थोड़ी ही देर में उसके एटीएम से 57 हजार रुपये निकल गए। उसने तभी बैंक में सूचना दी थी।बैंक कर्मियों ने सीसीटीवी देखने की बात कही थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। राहुल ने करीब ढाई माह बाद कोतवाली में अज्ञात में प्राथमिकी दर्ज कराई है। शहर कोतवाल बलराम सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।