आशीर्वाद देते प्रदेश के मंत्री गोपाल नंदी और वैश्य एकता परिषद अध्यक्ष डॉ.सुमंत गुप्ता
- फोटो : अमर उजाला
अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद और वैश्य महासभा के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय सामूहिक विवाह और परिचय सम्मेलन भव्य समारोह के साथ संपन्न हो गया। देश के विभिन्न हिस्सों से आए 51 जोड़े वैदिक रीति-रिवाज से विवाह के बंधन में बंधे। प्रदेश सरकार के मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी सामूहिक विवाह के खास मेहमान थे। उन्होंने वर-वधुओं को आशीर्वाद दिया।
दो दिवसीय आयोजन की शुरुआत सोमवार को हुई थी। मंगलवार की रात आर्य कन्या इंटर कालेज परिसर में एक साथ 51 जोड़ों ने जयमाल और फेरे आदि की रस्में पूरी कीं। कन्या और वधू पक्ष की ओर से परिजन और संबंधी उपस्थित थे। हरेक जोड़े को परिषद की ओर से कुल 35 उपहार दिए गए। इनमें मोबाइल फोन, कूलर, साइकिल इत्यादि भी शामिल थे। परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुमंत गुप्ता पूरे समय मौजूद रहे।
उन्होंने नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया। परिषद के जिलाध्यक्ष सत्येंद्र गुप्ता ने मंत्री और डॉ. सुमंत सहित अन्य अतिथियों की अगुवानी की। कार्यक्रम का संचालन भी उन्हीं ने किया। दोनों पक्षों के वैश्य बंधुओं का आभार जताया कि उन्होंने समाज के इस कार्यक्रम को सफल बनाया। कोषाध्यक्ष अनुराग गोयल ने दानदाताओं का आभार व्यक्त किया। दोनों पक्षों और अतिथियों का स्वागत समिति के अध्यक्ष तथा नगर पालिका चेयरमैन मोहन साहू ने किया। दीपक गुप्ता, विजय ओमर, रमेशचंद्र गुप्ता, अरविंद बड़ौनिया, शीलू लखेरा, भैरो अग्रवाल, अनिल गुप्ता इत्यादि की भूमिका खास रही।