बांदा। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) के लिए जनपद स्तर पर फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण बुधवार से शुरू हुआ। जिलाधिकारी अमित आसेरी ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसमें बताया गया कि 5000 कार्मिक घर-घर आंकड़े जुटाएंगे।
जनगणना के दूसरे चरण में 16 से 30 नवंबर तक लोगों को स्व-गणना की सुविधा मिलेगी। इसके बाद एक दिसंबर से चार जनवरी 2027 तक प्रत्येक गांव और नगर में घर-घर जाकर जनगणना का कार्य किया जाएगा। इस चरण में प्रत्येक परिवार के हर सदस्य की गणना होगी। जनपद के सभी गांवों और नगरीय वार्डों में लगाए जाने वाले प्रगणक और सुपरवाइजर घर-घर जाकर गणना करेंगे।
फील्ड कार्य के दौरान प्रत्येक प्रगणक परिवार के सभी सदस्यों की 40 बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी दर्ज करेगा। अपने निर्धारित क्षेत्र में रहने वाले सभी लोगों की गणना सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी प्रगणक की होगी। जनपद में जनगणना के दूसरे चरण के लिए करीब 5000 कार्मिक प्रशिक्षण प्राप्त कर फील्ड में काम करेंगे।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) धर्मेंद्र कुमार ने फील्ड ट्रेनर्स से आगामी जनगणना कार्य को त्रुटिरहित ढंग से पूरा करने के लिए मार्गदर्शन दिया। प्रशिक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) धर्मेंद्र कुमार, जिला प्रभारी शैलेश कुमार समेत जनपद के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।