बांदा। पेट्रोल पंप की महिला संचालिका के साथ 50 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी हो गई। गुजरात के ट्रकों में ईंधन भरने का भुगतान ऑनलाइन करने का झांसा देकर दो किस्तों में यह रकम झटक ली। महिला ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस अधीक्षक ने साइबर सेल और क्राइम ब्रांच को जांच के आदेश दिए हैं।
शहर के स्वराज कालोनी निवासी श्रद्धा निगम का तिंदवारी में पेट्रोल पंप है। पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार (9 फरवरी) को शाम 7 बजे उसके फोन पर खुद को गुजरात में पूजा ट्रांसपोर्ट कंपनी का संचालक बताते हुए कहा कि दो ट्रक (इनके नंबर भी बताए) उसके पेट्रोल पंप पर आ रहे हैं। इनमें 45 हजार रुपये का ईंधन भर दें।
यह भी कहा कि 25 हजार रुपये ऑनलाइन गूगल-पे के माध्यम से उसके खाते में डाल देगा। शेष पैसा ट्रक चालक नगद देंगे। बताया कि फोन करने वाले ने उन्हें एक कोड भेजा और स्कैन करने को कहा। इस बार कोड को स्कैन करते हुए उसके खाते में पैसा आने की बजाय उल्टा 25 हजार रुपये उसके खाते से कटकर पूजा ट्रांसपोर्ट के खाते में चला गया।
रिसीविंग मैसेज उसके मोबाइल पर आया। इस पर उसने कथित पूजा ट्रांसपोर्ट को फोन करके यह बताया तो उसने कहा कि वह दूसरा कोड भेज रहा है इसमें स्कैन करके अपना पिन नंबर डाल दें पैसा वापस आ जाएगा। उसने भरोसा करके इस कोड को स्कैन किया तो फिर उसके खाते से 25 हजार रुपये कटकर फिर पूजा ट्रांसपोर्ट के खाते में चले गए।
पंप संचालक ने बताया कि उसके पुत्र के खाते से भी पैसा निकालने की कोशिश की गई, लेकिन नाकाम रहे। बताया कि अब कथित ट्रक संचालक को फोन करने पर रिस्पांस नहीं मिल रहा है। जिस नंबर से काल की जाती है उसे ब्लैकलिस्ट कर देता है।
पंप संचालक ने मंडलायुक्त, डीआईजी और डीएम को भी तहरीर की प्रति भेजी है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ शंकर मीणा ने साइबर सेल और क्राइम ब्रांच को जांच के आदेश दिए हैं।