कार सवार भाजपा नेता के मॉस्क न लगाने पर चालान काटती पुलिस।
- फोटो : BANDA
बांदा। महामारी एक्ट का खुला उल्लंघन और अपने साथ अन्य राहगीरों के जीवन को भी खतरे में डाल रहे लोगों पर गुरुवार को शाम पुलिस का शिकंजा कस गया। पुलिस अधीक्षक डा. एसएस मीणा खुद निकल पड़े। पुलिस ने बिना मॉस्क या रुमाल-साफी बांधे मिले लगभग 50 राहगीरों पर फौरी कार्रवाई करते हुए चालान काटकर जुर्माना वसूला।
कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए शासन ने सार्वजनिक स्थलों पर मॉस्क, रूमाल या साफी बांधना अनिवार्य और कानूनन कर दिया है। इसके उल्लंघन पर उत्तर प्रदेश कोविड-1 विनियमावली 2020 के अंतर्गत धारा 15 में कार्रवाइयां की जा रही हैं।
इसी क्रम में गुरुवार को शाम पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टुकड़ी ने सिविल लाइन, कचहरी रोड आदि इलाकों में गश्त कर बिना मॉस्क, गमछा, रूमाल, स्कार्फ के मिले लोगों का हाथोंहाथ चालान भरा और 100 रुपये जुर्माना वसूला। कचहरी रोड पर कार में भाजपा का झंडा लगाए भाजपा नेता बिना मॉस्क कार ड्राइवर कर रहे थे।
पुलिस ने उन्हें भी नहीं बख्शा। बताया कि बिना मॉस्क के मिलने पर पहली व दूसरी बार 100-100 रुपये और तीसरी बार 500 रुपये जुर्माना किया जाएगा। चेकिंग दल में शहर कोतवाल दिनेश सिंह सहित शहर की पुलिस चौकियों के प्रभारी, उप निरीक्षक और कांस्टेबल शामिल थे।