बांदा। चित्रकूटधाम परिवहन निगम ने रक्षाबंधन पर बहनों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। निगम ने दिल्ली के लिए 40 अतिरिक्त बसें लगाने के साथ ही अन्य मार्गों की बसों के 90 से अधिक फेरे बढ़ाए हैं। सफर के दौरान बहनों को किसी भी तरह की समस्या न हो, इसके लिए आरएम कार्यालय में कंट्रोल रूम खोला गया है। कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं। तीन सितंबर तक लगातार छह दिन ड्यूटी पर कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
रक्षाबंधन का त्योहार 30 अगस्त को मनाया जाएगा। शासन की ओर से इस वर्ष भी बहनों को 29 अगस्त की रात से 31 अगस्त की रात 12 बजे तक बसों में यात्रा फ्री रहेगी। परिवहन निगम ने महिलाओं को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए दिल्ली के लिए 40 अतिरिक्त बसें लगाई है। लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज आदि शहरों और कस्बों में जाने वाली बसों के 90 से अधिक फेरे बढ़ाए है।
क्षेत्रीय प्रबंधक संदीप अग्रवाल ने बताया कि रीजन की सभी 390 बसें चलेंगी। बसों की सभी तकनीकी खामियों को दुरुस्त करा लिया गया है। चालकों, परिचालकों सहित कर्मचारियों की छुट्टी निरस्त कर दी गई है। 29 अगस्त से तीन सितंबर तक लगातार ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। आरएम ने बताया कि छह दिन व 1800 किलोमीटर बस का संचालन करने पर कंडक्टर व ड्राइवर को 1200 रुपये, इससे अधिक का संचालन करने वाले कंडक्टर व ड्राइवर 55 पैसे प्रति किलोमीटर अतिरिक्त देय होगा। इसके अलावा क्षेत्रीय कार्यशाला के तकनीकी कर्मचारियों को भी एकमुश्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। लापरवाह कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।