बोर्ड परीक्षा केंद्र में अपनी सीटें देखने जा रहे छात्रों से भरे ट्राली नेशनल हाइवे पर पलट कर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। 35 छात्र घायल हो गए। इनमें सात को गंभीर चोटें आईं। उन्हें जिला अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
बुधवार को शुकुल कुआं स्थित आवासीय इंटर कालेज के 10वीं और 12वीं के छात्र बृहस्पतिवार से शुरू हो रहीं बोर्ड परीक्षा में अपने परीक्षा केंद्र सीट देखने अतर्रा जा रहे थे। यह सब एक ट्रैक्टर ट्राली पर सवार थे।
सुबह करीब 11 बजे नेशनल हाइवे पर डिंगवाही गांव के नजदीक सामने से आ रहे किसी वाहन को साइड देते समय ट्रैक्टर सड़क से नीचे उतर गया और असंतुलित होकर ट्राली पलट गई। उस पर सवार सभी छात्र दब गए। चीख पुकार मच गई। कुछ ही देर में पहुंची पुलिस और राहगीरों ने घायल छात्रों को एंबुलेंस ने जिला अस्पताल पहुंचाया।
इनमें कमलेश (17) निवासी नरैनी, यासीन खां (17) इंदिरा नगर, विक्रम (17) और शैलेंद्र (17) शुकुल कुआं, तसलीम (16) गोयरा मुगली और लक्ष्मी (17) छतरपुर तथा ट्रैक्टर चालक हीरालाल (45) देवरार गांव शामिल हैं। अन्य घायलों को भी अस्पताल लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर रवाना कर दिया गया। जिला अस्पताल में सिर्फ नायब तहसीलदार गिरिवर सिंह और विद्यालय के अध्यापक ही पहुंचे।