फोटो - 30 नरैनी सीएचसी में होता घायलों का उपचार। संवाद
कालिंजर/नरैनी। पांच दिवसीय कार्तिक मेले के दौरान कालिंजर दुर्ग में बुधवार को किले के ऊपर से करीब 35 किलो की चट्टान गिर पड़ी। बालखंडेश्वर स्थान पर दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालु इसकी चपेट में आ गए। हादसे में सात लोग घायल हुए हैं जिनमें तीन को मामूली चोटें आईं जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस व प्रशासनिक टीम ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी भेजा।
मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के अजयगढ़ थानाक्षेत्र स्थित गुठला गांव निवासी 23 वर्षीय भरतलाल पाल ने बताया कि वह चचेरे भाई 18 वर्षीय मनीष के साथ कालिंजर किला घूमने आए थे तभी किले के ऊपर से चट्टान टूटकर उनके दोनों पैरों पर गिर गई। हादसे में मनीष भी घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें मलबे से निकाला। इसी दौरान पास में मौजूद हनुमानपुरा थाना पहाड़ीखेरा जिला पन्ना की कृष्णा अहिरवार व उनका एक वर्षीय पुत्र अभिनय भी चट्टान के टुकड़ों की चपेट में आ गया। महिला और बच्चे को भी चोटें आईं। हादसे में तीन अन्य लोगों को मामूली चोटें आई जिन्हें मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया।
सूचना पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने घायलों को एंबुलेंस से स्वास्थ्य केंद्र नरैनी भिजवाया गया जहां डॉ. चेतना मिश्रा ने घायलों का उपचार किया। भरतलाल की हालत गंभीर देखकर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद मेले में अफरातफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने तत्काल परिसर को खाली कराया और श्रद्धालुओं से सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की। प्रशासन की ओर से कहा गया कि हादसे की जांच की जा रही है। भविष्य में ऐसे हादसों से बचाव के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
प्रभारी निरीक्षक कालिंजर सुखराम सिंह ने बताया कि कालिंजर दुर्ग मेले में दो लड़के सेल्फी खींच रहे थे। बड़े पत्थर के ऊपर सेल्फी लेते समय पत्थर गिर गया। हादसे में दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने एंबुलेंस से दोनों को नरैनी के स्वास्थ्य केंद्र में भेजा गया।
फोटो - 30 नरैनी सीएचसी में होता घायलों का उपचार। संवाद