फतेहगंज में नवनिर्मित सब स्टेशन।
- फोटो : BANDA
अतर्रा। बीहड़ क्षेत्र के गांवों में बिजली आपूर्ति सुधरने के आसार हैं। इन क्षेत्रों में आपूर्ति के लिए निर्माणाधीन 33/11 केवीए सब स्टेशन लगभग तैयार हो चुका है। इसी माह के अंत तक कार्यदायी संस्था इसे पावर कारपोरेशन को हस्तांतरित कर देगी। सब स्टेशन में लगभग पांच करोड़ रुपये की लागत आई है।
फतेहगंज दस्यु प्रभावित क्षेत्र रहा है। यहां स्थित सब स्टेशन में अब नया 5 एमवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाया गया है। इसके लिए 18 किलोमीटर लंबी लाइन भी खींची गई है। इस सब स्टेशन को तुर्रा गांव स्थित 33 केवीए सब स्टेशन से जोड़ा जाएगा। इसके लिए 11 केवीए के दो फीडर बनाए गए हैं।
यहां से फतेहगंज क्षेत्र के लगभग छह गांवों और मजरों में आपूर्ति होगी। अब तक इन इलाकों में वोल्टेज की कमी के साथ लाइन में आए दिन फाल्ट होते थे। उप खंड अधिकारी ब्रह्मनंद ने बताया कि 30 जून तक सब स्टेशन चालू हो जाएगा। अवर अभियंता सुनील पटेल ने बताया कि सब स्टेशन को विद्युत वितरण खंड अतर्रा को हैंडओवर किया जाएगा। लॉक डाउन की वजह से यह काम दो महीने देरी से हुआ है।