बांदा। स्वच्छ भारत मिशन के तहत सामुदायिक शौचालयों का निर्माण तिंदवारी ब्लाक में बेहद फिसड्डी है। यहां 56 ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालयों का निर्माण 31 दिसंबर तक किया जाना था, लेकिन निर्धारित तिथि तक मात्र 25 सामुदायिक शौचालय ही बन पाए और 31 अधूरे हैं।
खंड विकास अधिकारी अमित कुमार ने संबंधित ग्राम पंचायत सचिवों को चेतावनी जारी कर 30 जनवरी तक निर्माण कराकर पेंटिंग, चित्रांकन और केंद्र सरकार की वेबसाइट में टैगिंग कराने के आदेश दिए हैं। स्वच्छ भारत मिशन के तहत जनपद की 470 ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालयों का निर्माण कराया जाना है। इनका निर्माण 31 दिसंबर तक पूरा होना था। तिंदवारी विकास खंड में कुल 56 शौचालय का लक्ष्य था, लेकिन अभी तक यहां मात्र 25 शौचालय तैयार हो सके हैं।
दो शौचालयों में काम ही शुरू नहीं हुआ, शेष निर्माणाधीन हैं। बीडीओ अमित कुमार ने समस्त ग्राम विकास अधिकारी (सचिव) को पत्र जारी कर 30 जनवरी तक काम पूरा न होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। उधर, पूर्ण हो चुके सामुदायिक शौचालयों के संचालन और रखरखाव का उत्तरदायित्व चिह्नित कर 5 जनवरी तक स्वयं सहायता समूह को देना सुनिश्चित करने को कहा है।