किसान के खेत में जलती गेहूं की फसल।
- फोटो : अमर उजाला
बिजली के शार्ट-सर्किट किसानों के लिए आफत बन गए हैं। बुधवार को हाईटेंशन लाइन से गिरी चिंगारी से खलिहान में रखी 30 बीघे की फसल जल गई। तिंदवारी क्षेत्र के बड़ेहा गांव में बुधवार को दोपहर सुरेंद्र सिंह के खलिहान के ऊपर से गुजरी एचटी लाइन में शार्ट सर्किट हुई। चिंगारी नीचे फसल पर जा गिरी। उस समय फसलों की मड़ाई में जुटे मजदूर और किसान घर खाना खाने चले गए थे। कुछ देर बाद लाही, अलसी और चना की फसल से आग की लपटें उठने लगी।
आसपास के ग्रामीणों के चिल्लाने पर लोग इकट्ठा हुए और पास में एक नलकूप को चालू कराकर आग बुझाने में जुट गए। कुछ देर बाद कोतवाली देहात प्रभारी पुलिस बल के साथ पहुंच गए। करीब दो घंटे की मशक्कत से आग तो बुझा ली गई, लेकिन तब तक सुरेंद्र कुमार के भाई राजकुमार और राजुल सिंह के खलिहान भी आग की आगोश में आकर तबाह हो गए। खलिहान में लाही, अलसी और चना की करीब 30 बीघे की फसल जल गई।
गनीमत यह रही कि दो दिन पहले मटर और मसूर की फसल किसान मड़ाई कर ले गए थे। फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी पहुंची, लेकिन तब तक आग पर काबू पा लिया गया। यदि समय रहते आग न बुझती तो पास में गरीब दर्जन भर खलिहान और मकान जद में आ जाते और बड़ा नुकसान हो जाता। उधर, आग से खलिहानी में रखी ट्रैक्टर की ट्राली व थ्रेसर समेत पीपल का पुराना पेड़ और सागौन के आधा दर्जन पेड़ भी जल गए।