उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड, श्रम विभाग ने बुधवार को यहां समारोह के बीच 260 मजदूरों को साइकिल सहायता योजना के तहत साइकिलें वितरित कीं। इसके साथ ही सात महिलाओं को बालिका आशीर्वाद योजना के तहत 20-20 हजार रुपये की एफडी भी सौंपी गई।
समारोह के दौरान मंच पर मौजूद सपाई प्रदेश सरकार की योजनाओं की तारीफ करते रहे। सपा विधायक विशंभर सिंह यादव ने मजदूरों को साइकिल और महिलाओं को एफडी सौंपते हुए कहा कि सपा सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण जुटी हुई है। सपा जिलाध्यक्ष शमीम बांदवी ने मजदूरों के हक में चलाई जा रही सरकारी योजनाओं को मिसाल बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी सुरेश कुमार ने की। उन्होंने कहा कि सरकार की श्रमिक योजनाओं का लाभ उठाने के लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है। यह भी बताया कि मनरेगा मजदूरों का रजिस्ट्रेशन ब्लाक कार्यालय में भी किया जा रहा है।
इस मौके पर चित्रकूटधाम मंडल उप श्रमायुक्त आरबी लाल ने श्रमिकों के लिए चलाई जा रही कई योजनाओं के बारे जानकारी दी। वितरण समारोह में सपा के इमरान अली राजू, हसनुद्दीन सिद्दीकी, पीयूष गुप्ता, भूपति यादव, निर्भय सिंह, लालेंद्र धुरिया, अजीज खां सहित अपर एसपी रामस्वरूप सिंह सहित श्रम प्रवर्तन अधिकारी शिव कुमार (बांदा), मूलचंद्र व एसएन शर्मा (हमीरपुर), आरके वर्मा (चित्रकूट), अतुल श्रीवास्तव आदि शामिल रहे।