बांदा। गर्मी के मौसम व लोकसभा चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए अग्निशमन अधिकारी ने पुलिस महानिदेशक को पत्र भेजकर यहां रिक्त पदों की पूर्ति की मांग की है। स्टाफ के साथ ही संसाधनों का भी टोटा है। सीएम की घोषणा पर जिले में तीन तहसीलों में फायर स्टेशन स्थापित होने हैं। उनके लिए भी भवन व स्टाफ की मांग की गई है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनूप सिंह ने भेजे गए पत्र में कहा है कि जनपद के एक मात्र अग्निशमन केंद्र पर 70 किलोमीटर के दायरे में आने वाली पांच तहसीलों के करीब 22 लाख लोगों की सुरक्षा का दायित्व है। पांच स्वीकृत फायर टेंडर में दो ही उपलब्ध हैं। घटनास्थल पर पहुंचने में एक से दो घंटे का समय लगता है। तब तक अग्निकांड से काफी नुकसान हो जाता है।
मार्च माह से फायर सीजन शुरू हो जाता है। इधर, लोकसभा चुनाव में भी ड्यूटियां लगाई जाएंगी। ऐसे में कम स्टाफ से काफी असुविधा होगी। कहा है कि जनपद में मुख्य अग्निशमन अधिकारी का एक, अग्निशमन अधिकारी द्वितीय के दो, लीडिंग फायरमैन के दो, फायर सर्विस चालक के चार, फायरमैन के 22 व फालोवर व सफाई कर्मियों के पांच पद रिक्त हैं। कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा पर जिले की तीन तहसीलों तिंदवारी, नरैनी और अतर्रा में अग्निशमन केंद्र स्थापित होने हैं। इनके लिए भी भवन, वाहन, संयंत्र और स्टाफ उपलब्ध कराया जाए।