बांदा। अवैध खनन और भंडारण पर प्रभावी कार्रवाई न होने से मंडलायुक्त शरद कुमार सिंह ने नाराजगी जताई है। इस पर सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए रिपोर्ट तलब की है।
आयुक्त ने कहा है कि जिला स्तर पर अवैध खनन और भंडारण को रोकने के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में पुलिस, वन, संभागीय परिवहन व खनन अधिकारियों की संयुक्त टीमें गठित की गई हैं, लेकिन जुलाई में बांदा में कार्रवाई की प्रगति शून्य है। चित्रकूट और हमीरपुर की स्थिति भी संतोषजनक नहीं है।
आयुक्त ने निर्देश दिए हैं कि रेंडम चेकिंग की जाए। संयुक्त दल खनन, वन और भूमाफियाओं के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करे। हर पखवारे बैठक में इसकी नियमित रूप से समीक्षा हो। उधर, चित्रकूटधाम मंडल में सिर्फ चित्रकूट जिले ने अवैध परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई का अभियान चलाया है। इस अभियान में 10 लाख 61 हजार का शमन शुल्क वसूला गया।